झारखंड में 26 जून तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, कई जिलों में मौसम रहेगा सक्रिय

झारखंड में 26 जून तक आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, कई जिलों में मौसम रहेगा सक्रिय

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड में मॉनसून के सक्रिय होने और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से 26 जून तक राज्य के कई हिस्सों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। शनिवार को राजधानी रांची में दोपहर बाद काले बादल छाए और अच्छी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, 21 जून को गढ़वा, पलामू और चतरा में कहीं-कहीं गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। वहीं राज्य के अन्य क्षेत्रों में गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के आसार हैं। 22 जून को भी कई जिलों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 26 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में दिन में एक-दो बार बादल छाने, मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। 24 जून को चतरा, गिरिडीह, हजारीबाग और कोडरमा को छोड़कर अधिकांश जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

कई जिलों में भारी कमी

मॉनसून के झारखंड में प्रवेश किए नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन गढ़वा जिले में अब तक एक बूंद बारिश दर्ज नहीं हुई है। एक जून से 20 जून के बीच गढ़वा में सामान्य वर्षापात 59.6 मिमी होना चाहिए था, लेकिन जिले में 100 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई है। चतरा में सामान्य 73.4 मिमी बारिश के मुकाबले केवल 3 मिमी वर्षा हुई है, जिससे वहां 96 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। साहिबगंज में भी सामान्य से 97 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं रांची में स्थिति बेहतर रही है। यहां 1 से 20 जून के बीच सामान्य 97.2 मिमी के मुकाबले 100.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 3 प्रतिशत अधिक है। शनिवार को रांची में 20 मिमी और पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर क्षेत्र में 24 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

Share This Article