खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड अंतर्गत जरियागढ़ थाना क्षेत्र के इंदवन जंगल में रविवार तड़के पुलिस और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के एरिया कमांडर श्रवण दास के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में श्रवण दास घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि श्रवण दास को शनिवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर उसके कुछ सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए थे। पूछताछ में उसने इंदवन जंगल में अन्य हथियार छिपाकर रखने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर बरामदगी के लिए जंगल पहुंची।
पुलिस के अनुसार, निशानदेही पर दो और हथियार तथा कुछ कारतूस बरामद किए गए। इसी दौरान श्रवण दास ने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। घायल उग्रवादी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है।
एसपी ने बताया कि अब तक कुल चार छोटे हथियार, 29 कारतूस, पीएलएफआई के पर्चे और एक महत्वपूर्ण डायरी बरामद की गई है। डायरी में कई ठेकेदारों के मोबाइल नंबर और संगठन की गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारियां दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि इससे संगठन के नेटवर्क का खुलासा करने में मदद मिलेगी।
श्रवण दास के खिलाफ रेलवे निर्माण स्थलों पर गोलीबारी, आगजनी, रंगदारी वसूली समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। फिलहाल इंदवन जंगल और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान जारी है। पुलिस छिपाए गए अन्य हथियारों की बरामदगी और फरार उग्रवादियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
