रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए केदारनाथ धाम की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं को विभिन्न पड़ावों और होल्डिंग क्षेत्रों में रोककर सुरक्षित ठहराया गया है। प्रशासन के अनुसार रुद्रप्रयाग जिले के पर्वतीय इलाकों में लगातार वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भारी बारिश, तेज हवाएं और तूफान की संभावना जताई है। संभावित जोखिम को देखते हुए यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही भी रोकी गई
केदारनाथ पैदल मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं को निकटतम सुरक्षित स्थानों और निर्धारित होल्डिंग एरिया में ठहराया गया है। वहीं श्रीनगर क्षेत्र से केदारनाथ की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी फिलहाल रोक दी गई है। वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा कराया जा रहा है, ताकि खराब मौसम के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मौसम सामान्य होने पर ही मिलेगी आगे बढ़ने की अनुमति
जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार हालात की निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौसम में सुधार और यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही श्रद्धालुओं और वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी।
श्रद्धालुओं से अपील, अफवाहों पर न दें ध्यान
प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
अप्रैल में शुरू हुई थी चारधाम यात्रा
गौरतलब है कि चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। यात्रा शुरू होने के बाद से केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
