प्रेमिका से शादी की मांग पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, गांव में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

प्रेमिका से शादी की मांग पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, गांव में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Johar News Times
2 Min Read

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत मोतिलेदा पंचायत के लखठाही गांव में सोमवार को प्रेम प्रसंग को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, लखठाही गांव निवासी 25 वर्षीय संजय रजक सोमवार सुबह करीब चार बजे गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि उसका नगर थाना क्षेत्र के चूड़ी मोहल्ला की रहने वाली एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले युवती अपने प्रेमी के घर भी पहुंची थी, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत शुरू हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने की बात भी सामने आई थी।

हालांकि, बाद में किसी बात को लेकर विवाद हो गया और युवती पक्ष की ओर से युवक और उसके परिजनों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। बताया जा रहा है कि इसी बात से आहत होकर युवक ने यह कदम उठाया। टावर पर चढ़ने के बाद युवक अपनी प्रेमिका और उसके परिजनों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगा। उसका कहना था कि जब तक लड़की पक्ष वहां नहीं आएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा।

घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीण लगातार युवक को समझाने की कोशिश करते रहे। सूचना मिलने पर बेंगाबाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई। पुलिसकर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि लगातार युवक से बातचीत कर रहे थे ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।इस घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article