जमशेदपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, रिटायर्ड टाटा स्टीलकर्मी ने पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की हत्या की, खुद पुलिस को दी सूचना

जमशेदपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, रिटायर्ड टाटा स्टीलकर्मी ने पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की हत्या की, खुद पुलिस को दी सूचना

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एग्रिको में सोमवार तड़के हुए ट्रिपल मर्डर से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र सिंह ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, बेटी और बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित एल5-13 क्वार्टर में हुई।

मृतकों की पहचान सरिता सिंह (55), सुप्रिया सिंह (31) और अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार सुप्रिया शादीशुदा थी और करीब तीन महीने की गर्भवती थी। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

- Advertisement -
Ad image

पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना सोमवार सुबह करीब चार बजे की है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रविंद्र सिंह ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो कमरे में चारों ओर खून बिखरा पड़ा था। तीनों शव अलग-अलग कमरों में मिले। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार को भी बरामद करने में जुटी है।

स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों के अनुसार रविवार रात तक परिवार में किसी प्रकार के विवाद की जानकारी नहीं थी। देर रात तक परिजनों से बातचीत भी हुई थी, इसलिए अचानक हुई इस घटना से सभी हैरान हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे पारिवारिक तनाव, मानसिक स्थिति समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

- Advertisement -
Ad image

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article