झारखंड में सहिया और स्वास्थ्य कर्मियों को बड़ी सौगात, झारखंड स्वास्थ्य प्रहरी” योजना के लिए सरकार ने मंजूर किए 108 करोड़ रुपये

झारखंड में सहिया और स्वास्थ्य कर्मियों को बड़ी सौगात, झारखंड स्वास्थ्य प्रहरी” योजना के लिए सरकार ने मंजूर किए 108 करोड़ रुपये

Johar News Times
3 Min Read

रांची में झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े जमीनी कार्यकर्ताओं को बड़ी राहत देते हुए “झारखंड स्वास्थ्य प्रहरी” योजना के तहत अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने की मंजूरी दी है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 108 करोड़ 34 लाख 65 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

- Advertisement -
Ad image

सरकार के इस फैसले का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना तथा जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बढ़ाना बताया गया है।

योजना के तहत ग्रामीण और शहरी सहिया को प्रतिमाह 2000 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए 103 करोड़ 11 लाख 36 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा सहिया साथी को प्रतिदिन 50 रुपये अतिरिक्त राशि देने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए 3 करोड़ 48 लाख 42 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं प्रखंड प्रशिक्षक दल (BTT) को प्रतिदिन 80 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इस मद में 1 करोड़ 61 लाख 5 हजार रुपये का बजट तय किया गया है।

राज्य प्रशिक्षक दल (STT) को भी प्रतिदिन 100 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने का फैसला लिया गया है। इसके लिए 13 लाख 82 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।

- Advertisement -
Ad image

सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी लाभार्थियों को यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी, ताकि भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध बनी रहे। योजना का संचालन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के तहत किया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव Ajay Kumar Singh के हस्ताक्षर से जारी आदेश में कहा गया है कि राशि की निकासी और खर्च की जिम्मेदारी स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक प्रमुख के पास होगी। भुगतान सचिवालय कोषागार डोरंडा, रांची से किया जाएगा।

सरकार के इस फैसले को राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

- Advertisement -
Ad image

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article