जमशेदपुर: बाजार किराया वृद्धि पर आर-पार की जंग, व्यापारियों ने नए DC को दी आंदोलन की चेतावनी

बाजार किराया वृद्धि पर व्यापारियों ने नए DC को घेरा, सौंपा रिमाइंडर।

Johar News Times
2 Min Read

शहर के बाजारों में दुकानों के किराए में की गई बेतहाशा वृद्धि का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ‘जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन’ ने इस मुद्दे पर नए उपायुक्त को रिमाइंडर ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं निकला, तो व्यापारी आंदोलन का दायरा बढ़ाने को मजबूर होंगे।

10 दिनों बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी

एसोसिएशन के अध्यक्ष हरविंदर सिंह मंटू और महासचिव नसीम अंसारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात की। नेताओं ने बताया कि इससे पहले 24 अप्रैल को भी इसी विषय पर मांग पत्र सौंपा गया था। प्रशासन की ओर से 10 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सकारात्मक पहल न होने के कारण व्यापारियों में गहरा असंतोष है। इसी के विरोध में आज दोबारा रिमाइंडर ज्ञापन सौंपा गया।

- Advertisement -
Ad image

व्यापारियों की प्रमुख मांगें:

  • प्रशासन द्वारा बढ़ाए गए किराए के निर्णय को तत्काल वापस लिया जाए।
  • बाजार प्रतिनिधियों के साथ बैठकर तर्कसंगत और व्यावहारिक समाधान निकाला जाए।
  • जब तक अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक बढ़े हुए किराए के आदेश पर प्रभावी रोक लगाई जाए।

प्रशासन को अल्टीमेटम

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि व्यापारियों को जिला प्रशासन की कार्यशैली पर भरोसा है, लेकिन उनके हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि सकारात्मक वार्ता नहीं हुई, तो शहर के सभी बाजारों के व्यापारी एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

बैठक में मौजूद प्रमुख सदस्य

इस अवसर पर सुभाष गांधी, रंजन सिंह, दुर्गादास साहू, अधिवक्ता संजय सिंह, संतोष अग्रवाल, सुरेश गुप्ता, शंकर प्रसाद, सरवर आलम, धर्मेश अडेसरा, समीमुर रहमान, निखिल कुमार और राजकुमार नारेकर सहित कई व्यापारिक नेता उपस्थित थे।

Share This Article