आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में समय बचाने के लिए लोग अक्सर एक साथ भारी मात्रा में आटा गूंथकर फ्रिज में रख देते हैं। सुबह गूंथा आटा शाम को या फिर अगले दिन इस्तेमाल करना एक आम बात हो गई है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि फ्रिज में रखा यह आटा आपकी सेहत को कितना नुकसान पहुँचा सकता है?
विशेषज्ञों की मानें तो गूंथा हुआ आटा ज्यादा देर तक रखना बीमारियों को दावत देने जैसा है। आइए जानते हैं इसके पीछे की मुख्य वजहें:
1. पानी मिलते ही शुरू हो जाता है केमिकल रिएक्शन
जैसे ही सूखे आटे में पानी मिलाया जाता है, उसमें रासायनिक बदलाव (Chemical changes) शुरू हो जाते हैं। अगर आप इस आटे को घंटों तक बाहर या फ्रिज में छोड़ देते हैं, तो इसमें फर्मेंटेशन (किण्वन) की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।
2. बैक्टीरिया और फंगस का घर
हवा में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया और फंगस गूंथे हुए आटे को अपना ठिकाना बना लेते हैं। कई लोग मानते हैं कि फ्रिज में रखने से आटा सुरक्षित रहता है, लेकिन सच्चाई यह है कि फ्रिज की ठंडक इन बैक्टीरिया की रफ्तार को धीमा जरूर करती है, पर उन्हें पूरी तरह खत्म नहीं कर पाती|

3. खराब आटे की पहचान कैसे करें?
अगर आपके रखे हुए आटे में ये बदलाव दिख रहे हैं, तो उसे तुरंत फेंक दें:
- रंग बदलना: आटे का रंग हल्का काला, मटमैला या ग्रे होना।
- अजीब महक: आटे से खट्टी या किसी भी तरह की दुर्गंध आना।
- स्वाद में अंतर: ऐसी रोटियों का स्वाद ताजे आटे के मुकाबले अलग और बेस्वाद होता है।
सेहत को होने वाले नुकसान
बासी आटे की रोटी खाने से पेट में गैस, एसिडिटी, अपच और भारीपन की समस्या हो सकती है। आयुर्वेद के अनुसार भी हमेशा ताजा आटा गूंथकर तुरंत रोटी बनाना ही स्वास्थ्य के लिए सबसे उत्तम माना गया है,कोशिश करें कि उतना ही आटा गूंथें जितनी जरूरत हो। यदि किसी कारणवश आटा रखना पड़े, तो उसे हमेशा एयरटाइट कंटेनर में रखें और ज्यादा से ज्यादा 5-6 घंटे के भीतर इस्तेमाल कर लें।










