गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार की अनोखी पहल ‘कॉफी विद एसडीएम’ के तहत आज मोबाइल व्यवसायियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की जा रही है। यह संवाद कार्यक्रम बुधवार, 6 मई को सुबह 11 बजे अनुमंडल कार्यालय सभागार में होगा, जिसमें मोबाइल विक्रेता और रिपेयरिंग संचालक प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कॉफी की चुस्कियों के बीच अपनी समस्याएं और सुझाव साझा करेंगे।
एसडीएम संजय कुमार ने इस बार मोबाइल सेक्टर को केंद्र में रखते हुए यह पहल इसलिए की है ताकि इस व्यवसाय से जुड़े लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं, जरूरतों और सुझावों को सीधे समझा जा सके। अक्सर मोबाइल दुकानदारों को तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिनके समाधान इस संवाद मंच के माध्यम से खोजे जाएंगे।
बैठक में केवल व्यवसायिक मुद्दों पर ही नहीं, बल्कि जिले की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी। विशेष रूप से चोरी के मोबाइल की खरीद-बिक्री रोकने, संदिग्ध ग्राहकों की पहचान और पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
एसडीएम ने जिले के सभी मोबाइल रिपेयरिंग संचालकों और विक्रेताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर बैठक में शामिल हों। उन्होंने कहा कि यह स्वैच्छिक संवाद न केवल व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का माध्यम बनेगा, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में भी मदद करेगा।









