घाटशिला |
मऊभंडार ओपी पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने इनके पास से लाखों रुपये मूल्य की करीब 9.380 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है।
एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सीनियर एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मऊभंडार के ए-ब्लॉक स्थित एचसीएल-आईसीसी क्वार्टर में छापेमारी की गई। बीडीओ यूनिका शर्मा और ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान सुरजीत राणा, संजय दत्ता, सौरभ दत्ता, करण व्यास और अर्जुन व्यास के रूप में हुई है। इनके पास से कुल 58 पुड़िया ब्राउन शुगर, कई मोबाइल फोन और नकद राशि जब्त की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी न सिर्फ नशे का सेवन करते थे, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में खासकर युवाओं और छात्रों के बीच इसकी सप्लाई भी करते थे। पुलिस के अनुसार यह नशा जमशेदपुर-आदित्यपुर से मंगाया जाता था और अलग-अलग कीमतों पर बेचा जाता था।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।










