चाईबासा |
महिला आरक्षण के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला चाईबासा द्वारा मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए उनका पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने महिला सशक्तिकरण के समर्थन में नारेबाजी की। पोस्ट ऑफिस चौक से मशाल जुलूस निकाला गया, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहीद पार्क तक पहुंचा। जुलूस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने किया, जिसमें पार्टी के कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि महिला आरक्षण महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में अहम कदम है और इसका विरोध महिलाओं के अधिकारों का हनन है।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने महिला सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।









