रांची के बसंत मित्तल को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी गोपाल शरण गर्ग को 384 मतों के बड़े अंतर से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के बाद अग्रवाल समाज में खुशी और उत्साह का माहौल है।
बसंत मित्तल की इस जीत को उनकी लोकप्रियता और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण माना जा रहा है। साथ ही इसे झारखंड समेत देशभर के अग्रवाल समाज के विश्वास की अभिव्यक्ति भी बताया जा रहा है।
पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन की ओर से उन्हें बधाई देते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप मुरारका, अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’, महासचिव मंटू अग्रवाल और कोषाध्यक्ष अजय भालोटिया ने कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और समाजहित में प्रभावी कार्य होंगे।
वहीं, अग्रवाल युवा मंच, जमशेदपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष रोहित अग्रवाल और पूर्व जिला महासचिव सन्नी संघी ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका नेतृत्व युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।
झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कमल किशोर अग्रवाल ने इसे समाज की एकजुटता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह जीत पूरे अग्रवाल समाज की जीत है। समाज के लोगों ने विश्वास जताया कि बसंत मित्तल के नेतृत्व में संगठन सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।









