राज्यों और स्वास्थ्य संस्थानों से बचाव, निगरानी और उपचार व्यवस्था मजबूत करने का आग्रह,
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मानसून से पहले डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में राज्यों और स्वास्थ्य संस्थानों से इन बीमारियों की रोकथाम और बचाव तंत्र को और मजबूत करने का आग्रह किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने रोकथाम, निगरानी, जांच और उपचार से जुड़े प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और प्रभावी उपचार से इन बीमारियों के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

जन-जागरूकता अभियान में लाई जाएगी तेजी
बैठक में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के उपायों को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत जन-जागरूकता अभियान तेज किए जाएंगे, ताकि लोग साफ-सफाई, जलजमाव रोकने और अन्य एहतियाती उपायों को अपनाकर डेंगू और मलेरिया से बच सकें। केंद्र सरकार ने राज्यों से मानसून के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को सतर्क रखने और संभावित मामलों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
