रांची, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच अपने संगठन को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक चुनौतियों से निपटने के लिए कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक और मानसिक रूप से तैयार करना रहा।

जनगणना और सरना धर्म कोड पर रणनीति तय
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी जनगणना जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दोहराया कि जनगणना में सरना धर्म कोड को शामिल कराना पार्टी की प्राथमिकता है और इसके लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से इसकी अनुशंसा पहले ही केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक इस पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं आया है। सीएम ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार के इस रवैये को प्रभावी तरीके से उजागर करें।

बूथ से महानगर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर
दो दिवसीय बैठक के पहले दिन राज्य के 12 जिलों से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने संगठनात्मक मजबूती पर बल देते हुए कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बूथ, पंचायत, वार्ड, प्रखंड और जिला स्तर पर कमेटियों का पुनर्गठन कर उन्हें सक्रिय किया जाए। साथ ही नगर और महानगर कमेटियों को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि शहरी क्षेत्रों में भी पार्टी की पकड़ मजबूत हो सके।
भाजपा पर निशाना, जनसंपर्क अभियान तेज करने का निर्देश
बैठक में भाजपा के कथित राजनीतिक षड्यंत्रों के खिलाफ एकजुट होकर मुकाबला करने का संकल्प लिया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि एसआईआर के नाम पर किसी भी नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाएं। साथ ही कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण के लिए एक विशेष अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बैठक संपन्न
बैठक का संचालन केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने किया। इस दौरान राजमहल सांसद विजय हांसदा, प्रो. स्टीफन मरांडी, हेमलाल मुर्मू, पंकज मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक का दूसरा चरण गुरुवार को आयोजित किया जाएगा, जिसमें शेष 12 जिलों के पदाधिकारी मुख्यमंत्री के साथ रणनीतिक चर्चा करेंगे।











