पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा शहर में गुरुवार रात एक रिहायशी इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब महुलसाई स्थित मुख्य मार्ग पर एक पाइप गोदाम में करीब 12 फुट लंबा जहरीला कोबरा सांप घुस गया। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि सांप को देख गोदाम में मौजूद कर्मचारियों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने और डर के कारण वह आक्रामक हो गया। इसी दौरान भारी बारिश और बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्थिति और भयावह हो गई। लोगों को आशंका थी कि सांप कहीं आसपास के घरों में न घुस जाए।

सूचना मिलते ही स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग को जानकारी दी। इसके बाद वनपाल रिचर्ड मैथ्यू सोरेन के नेतृत्व में क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।
बाद में वन विभाग की टीम ने इस जहरीले इंडियन कोबरा को घने जंगल में छोड़ दिया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद लोगों ने त्वरित कार्रवाई के लिए वन विभाग की टीम का आभार जताया।
विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून या भारी बारिश के दौरान सांप अक्सर सुरक्षित ठिकानों की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। इंडियन कोबरा बेहद विषैला होता है, जिसका काटना जानलेवा साबित हो सकता है।















