14 April 2026 | कोल्हान की आवाज | Johar News Times

जोहर कोल्हान की प्रमुख खबरें

Johar News Times
12 Min Read

विधायक सरयू राय ने साकची स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा को किया नमन

संविधान निर्माता और भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती जमशेदपुर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया l

- Advertisement -
Ad image

इस क्रम में विधायक सरयू राय ने साकची स्थित पुराना कोर्ट मोड़ गोलचक्कर पर बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान विधायक सरयू राय ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने देश को एक मजबूत संविधान दिया, जो आज भी भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया, जो हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैँ ।

एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुँचे कुणाल षाड़ंगी ,कठिन ट्रैकिंग के बीच लहराया तिरंगा, -20 डिग्री तापमान और कम ऑक्सीजन में 8 दिनों का सफर, बोले कुणाल — “यह सिर्फ ट्रेक नहीं, जीवन का सबक”

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पूर्व विधायक कुनाल सारंगी ने दुनिया की सबसे ऊँची चोटी माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप तक सफलतापूर्वक ट्रैकिंग कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने अपने इस रोमांचक और चुनौतीपूर्ण अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे जीवन का एक अहम पड़ाव बताया।

- Advertisement -
Ad image

कुणाल षाड़ंगी ने बताया कि उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर की। इसके बाद टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन के सहयोग से 10 सदस्यीय टीम ने कई हफ्तों की तैयारी के बाद इस कठिन अभियान की शुरुआत की।

टीम ने लगातार आठ दिनों तक प्रतिदिन 8-9 घंटे हिमालय की कठिन परिस्थितियों में ट्रैकिंग करते हुए लुक्ला, फाकडिंग, नामचे बाजार, डिबोचे, डिंबोचे, लाबोचे और गोरक्षेप के रास्ते एवरेस्ट बेस कैंप तक का सफर तय किया।

यात्रा के अंतिम चरण में तापमान -17 से -20 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि ऑक्सीजन का स्तर सामान्य से करीब 50-60 प्रतिशत रह गया था। इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने 5,364 मीटर की ऊंचाई पर स्थित बेस कैंप तक पहुंचकर सफलता हासिल की।

- Advertisement -
Ad image

बेस कैंप पहुंचकर कुणाल षाड़ंगी ने तिरंगा और अपनी पार्टी झामुमो का झंडा लहराया, जिसे उन्होंने बेहद गर्व और भावनात्मक क्षण बताया।

सतुआन पर्व पर अर्जुन मुंडा ने दिया सादगी और प्रकृति से जुड़ाव का संदेश

सतुआन पर्व के अवसर पर अर्जुन मुंडा ने प्रसाद के रूप में सत्तू ग्रहण कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पारंपरिक पर्व सादगी, संतुलित जीवन और प्रकृति के साथ सामंजस्य का संदेश देता है।

अर्जुन मुंडा ने अपने संदेश में सभी लोगों को सतुआन की हार्दिक बधाई देते हुए इस पर्व के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमें अपनी परंपराओं से जुड़े रहने और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अवसर पर सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनाने और प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने का संकल्प लें।

अंबेडकर जयंती पर ‘संविधान की चेतना से सशक्त बेटियां’ कार्यक्रम, छात्राओं को दिए गए कानूनी अधिकारों के ज्ञान

अंबेडकर जयंती के अवसर पर जगन्नाथपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में ‘संविधान की चेतना से सशक्त बेटियां’ विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चाईबासा (डालसा) के सहयोग से हुआ, जिसका उद्देश्य छात्राओं को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष के मार्गदर्शन और डालसा सचिव के निर्देशन में आयोजित हुआ। इसमें छात्राओं को संविधान, मौलिक अधिकारों और न्यायिक व्यवस्था की बुनियादी जानकारी दी गई।

इस दौरान शिक्षिका ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए समानता, स्वतंत्रता और न्याय के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सवाल-जवाब सत्र में सक्रियता दिखाई।

जुगसलाई नगर परिषद बोर्ड बैठक, नौशीन खान की अध्यक्षता में विकास योजनाओं पर मंथन, सरकार को भेजे गए कई प्रस्ताव

जुगसलाई नगर परिषद बोर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक नौशीन खान की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी विशेष रूप से मौजूद रहे और विकास कार्यों को तेज करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

बैठक में स्वच्छता, जलापूर्ति, मूलभूत सुविधाओं और शहरी विकास से जुड़े मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ। सभी सदस्यों ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आपसी सहयोग और प्रभावी योजना पर जोर दिया।

अध्यक्ष नौशीन खान ने कई अहम प्रस्ताव रखे, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित कर सरकार को भेज दिया गया। बैठक के अंत में उम्मीद जताई गई कि ये प्रस्ताव जल्द धरातल पर उतरेंगे और जुगसलाई क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

टाटानगर आरपीएफ की कार्रवाई, वंदे भारत की महिला यात्री का पर्स चोरी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार

चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत टाटानगर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने वंदे भारत ट्रेन में एक महिला यात्री का पर्स चोरी करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों ने वंदे भारत में सवार होने जा रही महिला यात्री सावित्री सिंकू के पर्स से नकद 6500 रुपये, आधार कार्ड, वोटर कार्ड और एटीएम कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज चुरा लिए थे।

घटना के बाद आरपीएफ टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की और तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार महिलाओं को आगे की कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है।

पकड़ी गई महिलाओं की पहचान कुसुम देवी और सोगा भुइंया के रूप में हुई है, जो टाटानगर स्टेशन क्षेत्र की रहने वाली खानाबदोश महिलाएं बताई जा रही हैं।

जमशेदपुर में हाथियों का रेस्क्यू ऑपरेशन, बुरूडीह से पटमदा पहुंचे 35 हाथी, दलमा सेंचुरी में सुरक्षित पहुंचाने की तैयारी

घाटशिला के बुरूडीह क्षेत्र में कई दिनों से विचरण कर रहे 35 हाथियों के बड़े झुंड को वन विभाग ने सफलतापूर्वक पटमदा के आमदापहाड़ी बाटालुका जंगल तक पहुंचा दिया है। अब इन्हें सुरक्षित तरीके से दलमा वन्य प्राणी अभयारण्य में प्रवेश कराने की तैयारी चल रही है।

इस अभियान में करीब दो दर्जन वनकर्मी और क्विक रिस्पांस टीम लगातार जुटी हुई है। वनरक्षी सीमंत सरदार और बालक हंसदा के अनुसार, हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखते हुए दलमा की ओर मोड़ा जा रहा है। इस कार्य में दलमा इको विकास समिति और स्थानीय ग्रामीण भी सहयोग कर रहे हैं।

अभियान का नेतृत्व कर रहे देवाशीष कर्मकार और भुजुराम सोरेन ने बताया कि हाथियों को बुरूडीह से सुखलाड़ा और डालापानी होते हुए बाटालुका तक लाया गया है।

रात में हाथियों को सही दिशा देने के लिए टॉर्च, मशाल और पटाखों का इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि इस दौरान आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल भी बना हुआ है।

वन विभाग के अनुसार, दलमा क्षेत्र में हाथियों के प्रवेश के कई प्राकृतिक रास्ते हैं, जिनमें घाटशिला-पटमदा मार्ग प्रमुख है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह झुंड जल्द ही सुरक्षित रूप से दलमा के जंगलों में पहुंच जाएगा।

रांची-टाटा हाईवे पर चांडिल में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-डिजायर की टक्कर में 5घायल, 3की हालत गंभीर

रांची, रांची-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। चांडिल के पास बोलेरो और डिजायर कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार कुल 5 लोग घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस ने वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कर दिया l

पोटका में दर्दनाक सड़क हादसा, हाईवा से टकराई अनियंत्रित बाइक, पति की मौत, पत्नी घायल

पोटका थाना क्षेत्र के टाटा-हाता मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बिरसानगर निवासी श्याम सिंह मुंडा (50 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, श्याम सिंह मुंडा अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से जमशेदपुर से अपने पैतृक गांव जा रहे थे। तुड़ी गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास उनकी अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे खड़े हाईवा वाहन से पीछे से टकरा गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने श्याम सिंह मुंडा को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी का इलाज जारी है।

लहरों पर लिखी सफलता, जमशेदपुर की बेटियों ने राष्ट्रीय रोइंग चैंपियनशिप में जीते कांस्य

जमशेदपुर की होनहार बेटियों ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कटक में आयोजित प्रथम अखिल भारतीय रोइंग चैंपियनशिप में आरएमएस हाई स्कूल, बालीचेला की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया।

देशभर से 600 से अधिक खिलाड़ियों की मौजूदगी में हुई इस प्रतियोगिता में जमशेदपुर की छात्राओं ने कठिन चुनौती का सामना करते हुए बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में श्रेया कुमारी ने अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय देते हुए 500 मीटर इंडोर रोइंग और 2के रिले स्पर्धा में दो कांस्य पदक अपने नाम किए।

वहीं, गौरी कुमारी साहु और अदिती यादव ने टीम स्पर्धा में दमदार प्रदर्शन करते हुए 2के रिले में एक-एक कांस्य पदक हासिल किया।

Share This Article