
रांची जिला पुलिस बल के जवान 35 वर्षीय आरक्षी बजरंगी यादव के मंगलवार को सीटीसी मुसाबनी में तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां स्थित बिगड़ने पर एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। एमजीएम अस्पताल में ले जाने क्रम में बजरंगी यादव ने दम तोड़ दिया। एमजीएम अस्पताल में डॉक्टर ने बजरंगी यादव को मृत घोषित कर दिया।
मृतक आरक्षी बजरंगी यादव मूल रूप से साहिबगंज का रहने वाला था। उसे तीन बच्चे हैं। बजरंगी यादव की मौत की सूचना मिलने पर सीटीसी मुसाबनी में प्रशिक्षण कर रहे जवान आक्रोशित हो गए। गुस्साए जवानों ने काफी हंगामा किया। गुस्साए जवानों ने एएसआई पूनम मिंज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जवानों के अनुसार, बजरंगी यादव ने करीब 10 दिन पूर्व छुट्टी के लिए आवेदन दिया था, लेकिन उसे छुट्टी नहीं दी गई। मंगलवार को भी वह छुट्टी के लिए कार्यालय गया। करीब 2 घंटे तक कार्यालय में रूका, लेकिन छुट्टी नहीं मिली। इसी बीच उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद बजरंगी यादव को जादूगोड़ा स्थित यूसील अस्पताल ले जाया गया। जहां से एमजीएम अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई।
जवानों के अनुसार सीटीसी मुसाबनी में 2025 में अक्टूबर में ही प्रशिक्षण के बाद परीक्षा ली गई थी। परीक्षा का रिजल्ट भी आ गया, लेकिन अब तक पासिंग परेड नहीं कराई गई है।
पिछले करीब 5 माह से सभी जवान फंसे हुए हैं। वर्तमान में रांची, जमशेदपुर, धनबाद, कोडरमा, रामगढ़ के अलावा अन्य जिला के कुल 324 जवान प्रशिक्षण ले रहे हैं। सीटीसी मुसाबनी प्रशिक्षण केंद्र में इलाज की सुविधा नहीं है।









