जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में 22 वर्षीय मजदूर रवि माझी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी की है, जहां निर्माणाधीन भवन में काम करते समय वह बिजली की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे रवि को सहकर्मियों ने एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित बालीडीह गांव का निवासी था। वह कपाली गौस नगर निवासी एक ठेकेदार के अधीन मजदूरी करता था और उसी के माध्यम से निर्माण स्थल पर कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन शव लेकर गांव लौट गए।
ठेकेदार पर सहयोग नहीं करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद ठेकेदार ने इलाज के लिए केवल 13,500 रुपये दिए और आगे हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था। हालांकि बाद में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे परिवार का संपर्क टूट गया। इसे लेकर परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
मुआवजे की मांग को लेकर थाने पहुंचे ग्रामीण
घटना के बाद गांव में बैठक कर आगे की रणनीति बनाई गई। इसके बाद देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन शव लेकर थाने पहुंचे तथा ठेकेदार और मकान मालिक से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि रवि परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, इसलिए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए।
पोस्टमार्टम के लिए माने परिजन
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी बातचीत के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
