रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर RSS कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले मामले में SIT को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कोडरमा जंक्शन से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि बाद में एक और आरोपी की गिरफ्तारी के साथ कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी घटना के बाद झारखंड से फरार होने की कोशिश कर रहे थे।
आधी रात को दो बार हुआ हमला
मंगलवार रात 12:36 बजे और 12:39 बजे RSS कार्यालय पर दो बार पेट्रोल बम फेंके गए। दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए लोहरदगा से रांची आए थे। घटना के बाद वे स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से भाग रहे थे। तकनीकी और साइबर सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। कोडरमा में पहचान होने तक ट्रेन खुल चुकी थी, जिसके बाद आरोपियों को गया के रफीगंज स्टेशन पर उतारकर गिरफ्तार किया गया।
कार्यालय में मौजूद थे 20 लोग
हमले के समय RSS कार्यालय में करीब 20 लोग मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का बड़ा नुकसान नहीं हुआ। पहला पेट्रोल बम सॉस की कांच की बोतल से बनाया गया था, जो ग्राउंड फ्लोर के प्रवेश द्वार के पास गिरकर टूट गया और नहीं फटा। दूसरा पेट्रोल बम कोल्ड ड्रिंक की बोतल से तैयार किया गया था, जिसे छत पर फेंका गया और उसमें तेज रोशनी के साथ विस्फोट हुआ।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दो युवक बेखौफ होकर कार्यालय के बाहर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। एक आरोपी पेट्रोल बम फेंकते समय चेहरे से गमछा हट जाने के कारण कैमरे में दिख गया, जबकि दूसरा आरोपी चेहरा ढककर मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बनाता नजर आया।
NIA की टीम ने भी की जांच
घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर SIT का गठन किया गया। इससे पहले पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। मौके के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल के पास से एक बाइक और एक कार भी बरामद की है, जिनके नंबर और स्वामित्व की जांच जारी है। इसके बाद मामले की जांच NIA को सौंपे जाने की संभावना भी जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
