रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। छापेमारी में दो महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए। कार्रवाई के बाद शिवम पैलेस होटल को सील कर दिया गया।
पुलिस को होटल में अवैध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके आधार पर की गई छापेमारी में पश्चिम बंगाल की दो युवतियों, होटल प्रबंधक और तीन ग्राहकों को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि होटल की आड़ में लंबे समय से देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले भी इसी होटल में छापेमारी कर सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ था। उस समय भी आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए थे। कार्रवाई के बाद होटल का लाइसेंस नवीनीकरण नहीं हुआ था, बावजूद इसके कथित रूप से अवैध तरीके से होटल का संचालन जारी रखा गया।

हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस ने कहा है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
