जमशेदपुर के टाटा जू में अफ्रीकी शेरनी जोया की मौत

जमशेदपुर के टाटा जू में अफ्रीकी शेरनी जोया की मौत

Johar News Times
2 Min Read

दक्षिण अफ्रीका से छह माह की उम्र में लाई गई थी, 16 वर्ष की उम्र में बीमारी और बढ़ती आयु के कारण निधन,

जमशेदपुर के टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (टाटा जू) की 16 वर्षीय अफ्रीकी शेरनी जोया का निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थी। उसके निधन से वन्यजीव प्रेमियों और जू प्रबंधन में शोक का माहौल है।

जोया को दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया से महज छह माह की उम्र में भारत लाया गया था। उसके साथ जम्बो और एड नाम के दो अन्य अफ्रीकी शेर भी आए थे। शांत और चंचल स्वभाव के कारण वह पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय थी और वर्षों से टाटा जू का प्रमुख आकर्षण बनी हुई थी। निधन के बाद जू प्रबंधन ने इसकी सूचना वन विभाग और पशुपालन विभाग को दी। वन्यजीव विशेषज्ञों की निगरानी में निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल और वीडियोग्राफी के साथ उसका पोस्टमार्टम कराया गया।

मौत के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित रखे गए बिसरा को जांच हेतु भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), बरेली भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद टाटा जू परिसर में ही पूरे सम्मान के साथ जोया का अंतिम संस्कार किया गया। करीब डेढ़ दशक तक टाटा जू की पहचान रही जोया के निधन से शहर ने अपने सबसे प्रिय और पुराने वन्यजीव साथियों में से एक को खो दिया है।

“जोया काफी बूढ़ी हो चुकी थी और पिछले कुछ दिनों से बीमार थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए बिसरा जांच के लिए भेजा जा रहा है।”

  • डॉ. नईम अख्तर, निदेशक, टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क

Share This Article