अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच तेज, तीसरे दिन भी अयोध्या में डटी SIT

अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच तेज, तीसरे दिन भी अयोध्या में डटी SIT

Johar News Times
2 Min Read

70 से अधिक लोगों से पूछताछ, बैंक रिकॉर्ड और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे; कई संदिग्धों व आर्थिक लेन-देन की जांच जारी,

अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे और दान राशि में कथित अनियमितताओं के आरोपों की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के तीसरे दिन भी टीम राम मंदिर परिसर में मौजूद रही। अब तक 70 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, जबकि सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज और बैंक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित SIT ने ट्रस्ट से जुड़े कई लोगों, चढ़ावा गिनने वाले कर्मचारियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की है। जांच के दायरे में आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों, डिजिटल रिकॉर्ड और संपत्तियों की जानकारी भी शामिल है।

सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट से जुड़े कुछ व्यक्तियों और उनके कथित आर्थिक लेन-देन की जांच की जा रही है। कुछ संपत्तियों, निवेश और नकदी लेन-देन को लेकर भी जांच एजेंसियां दस्तावेज खंगाल रही हैं। हालांकि, अब तक किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

SIT जल्द ही मंदिर से जुड़े बैंक अधिकारियों, पुजारियों, ट्रस्ट सदस्यों और चढ़ावा जमा करने की प्रक्रिया से जुड़ी आउटसोर्सिंग एजेंसी के प्रतिनिधियों से भी पूछताछ कर सकती है।

इस बीच भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच जरूरी है। वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

Share This Article