मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर खूंटी में अफीम खेती के खिलाफ बड़ा अभियान, पुलिस ने गांव-गांव चलाया जागरूकता अभियान

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर खूंटी में अफीम खेती के खिलाफ बड़ा अभियान, पुलिस ने गांव-गांव चलाया जागरूकता अभियान

Johar News Times
2 Min Read

खूंटी: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर खूंटी पुलिस ने जिलेभर में अवैध अफीम खेती के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ग्रामीणों को नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों ने विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों से सीधा संवाद किया। ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले कानूनी, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अफीम की खेती एक गंभीर अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है। इस अभियान की विशेष बात यह रही कि पूर्व में एनडीपीएस मामलों में आरोपपत्रित रहे और वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहे लोगों को भी इसमें शामिल किया गया। इन लोगों ने ग्रामीणों के बीच अपने अनुभव साझा करते हुए अवैध अफीम खेती से दूर रहने और कानून का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियां न केवल व्यक्ति बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज के लिए नुकसानदायक साबित होती हैं।

पुलिस ने ग्रामीणों से अपने खेतों में किसी भी प्रकार की अवैध अफीम की खेती नहीं करने तथा ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस प्रशासन को सूचित करने की अपील की। साथ ही किसानों को वैकल्पिक और लाभकारी फसलों की खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने अवैध अफीम खेती के खिलाफ पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा नशामुक्त एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

Share This Article