रांची: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित अनआयरा गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित गुलटी निवासी गायत्री नामक छात्रा हॉस्टल की छत से गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने जांच के लिए आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा का छत से गिरना हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
जानकारी के अनुसार, गायत्री गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अपने घर आसनसोल से रांची स्थित हॉस्टल पहुंची थी। सामान रखने के बाद वह हॉस्टल की छत पर चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उस समय वह मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रही थी। कुछ देर बाद वह नीचे गिरी हुई मिली। पुलिस को उसका मोबाइल फोन छत पर ही मिला है। हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं ने पुलिस को बताया है कि गायत्री को मिर्गी (एपिलेप्सी) की बीमारी थी। इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। छात्रा करीब एक माह पहले ही इस हॉस्टल में रहने आई थी।
पुलिस ने हॉस्टल की अन्य छात्राओं और गायत्री के परिचितों से पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके रांची पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि छात्रा के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
