सरायकेला: कपाली फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी अशफाक उर्फ बल्लू पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से गिरफ्तार, भेजा गया जेल

"सरायकेला पुलिस की बड़ी कामयाबी: सीमा लांघकर पुरुलिया से दबोचा गया कपाली फायरिंग का मुख्य आरोपी!"

Johar News Times
3 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत इस्लामनगर में हुए सनसनीखेज जमीन विवाद फायरिंग मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड के मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू को पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के पुरुलिया रोड स्थित बड़ा बाजार इलाके से धर दबोचा है। शुक्रवार को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता में किया खुलासा

चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते 2 जून को इस्लामनगर में जमीन का काम करा रहे अफसर नवाज नामक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। घटना के बाद पीड़ित के फर्दबयान के आधार पर चांडिल में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।

एसपी के निर्देश पर बनी टीम, तकनीकी सेल की मदद से दबोचा

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, भौतिक साक्ष्यों को जुटाया और तकनीकी सूचनाओं का सहारा लेते हुए आरोपी के छिपने के ठिकाने का पता लगाया। इसके बाद पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में दबिश देकर मुख्य आरोपी बल्लू को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अशफाक अहमद उर्फ बल्लू कपाली के इस्लामनगर का ही रहने वाला है और वह इलाके का शातिर अपराधी है। उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इससे पहले वर्ष 2022 में भी कपाली ओपी में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) सहित कई अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हो चुके हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका: इस सफल उद्भेदन और गिरफ्तारी अभियान में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह, अनुसंधानकर्ता हीरालाल मुंडू, टाइगर मोबाइल के जवान बिपुल कुमार तिवारी एवं दस्तगीर आलम के साथ-साथ सरायकेला-खरसावां तकनीकी शाखा के कर्मियों की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि इस गोलीबारी की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी गहराई से जांच की जा रही है और फरार अन्य दोषियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Share This Article