चतरा में दो घटनाओं से पसरा मातम, प्रवासी युवक की मौत और विवाद में मां-बेटे घायल

चतरा में दो घटनाओं से पसरा मातम, प्रवासी युवक की मौत और विवाद में मां-बेटे घायल

Johar News Times
2 Min Read

गुरुग्राम से युवक का शव पहुंचते ही गांव में शोक, बैल चोरी के संदेह में विवाद ने लिया हिंसक रूप

चतरा: हंटरगंज प्रखंड में बुधवार को हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक ओर गुरुग्राम में मजदूरी कर रहे एक युवक की मौत के बाद उसका शव गांव पहुंचने पर मातम छा गया, वहीं दूसरी ओर जोरी थाना क्षेत्र में विवाद के दौरान हुई मारपीट में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, केदली पंचायत के बिहारी गांव निवासी मो. शौकत का 19 वर्षीय पुत्र मो. सूफियान रोजी-रोटी की तलाश में करीब 20 दिन पहले गुरुग्राम गया था। परिजनों के मुताबिक कार्यस्थल जाने के दौरान वह अचानक सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वृद्ध माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।

वहीं दूसरी घटना जोरी थाना क्षेत्र के मुरैनवा गांव की है। यहां बैलों की कथित चोरी के संदेह को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट में संतोष यादव (28) और उनकी मां सुगीया देवी (56) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चतरा रेफर कर दिया गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया। घटना में सुगीया देवी का हाथ टूट गया, जबकि संतोष यादव के हाथ की उंगलियां और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को मिल चुकी है। आवेदन मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहें हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।

Share This Article