भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे की तैयारी तेज, प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारियां तय

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे की तैयारी तेज, प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारियां तय

Johar News Times
2 Min Read

रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 6 और 7 जून को प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा और जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, संगठनात्मक बैठकों और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला झारखंड दौरा होगा। उन्होंने कहा कि अपने दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष विभिन्न संगठनात्मक बैठकों, पार्टी कार्यक्रमों और कई गैर-राजनीतिक आयोजनों में भी हिस्सा लेंगे। अमर कुमार बाउरी ने कहा कि नितिन नवीन का झारखंड, विशेषकर रांची से विशेष जुड़ाव रहा है। उनका जन्म और उच्च शिक्षा रांची में हुई है, इसलिए राज्य से उनका भावनात्मक संबंध भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा देगा और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएगा।

बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया। इनमें प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, सांसद मनीष जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल तथा रोशनलाल चौधरी सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है और इसे संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान पार्टी आगामी राजनीतिक रणनीतियों और संगठन विस्तार से जुड़े विषयों पर भी चर्चा कर सकती है।

Share This Article