शहर में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। छोटा गोविंदपुर निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के कई सदस्यों पर अतिरिक्त दहेज की मांग, मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता कल्पना कुमारी ने दिए गए आवेदन में बताया है कि उनकी शादी वर्ष 2023 में बारीडीह निवासी विकास कुमार यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। विवाह के दौरान उनके मायके पक्ष की ओर से नगद राशि, सोने-चांदी के आभूषण, स्कूटी, इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत अन्य घरेलू सामग्री दी गई थी। इसके बावजूद शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त 10 लाख रुपये दहेज की मांग करने लगे।
महिला का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। परिवार के सदस्य लगातार ताने देते थे और पति को भी उसके खिलाफ भड़काते थे। पीड़िता के अनुसार कई बार उसके साथ मारपीट की गई। उसने आवेदन में उल्लेख किया है कि मार्च 2025 में उसके साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसके शरीर और गले पर चोट के निशान पड़ गए थे।
आवेदन में महिला ने अपने चचेरे ससुर, चचेरी सास, ननद, देवर समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के नाम का उल्लेख करते हुए सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले की शिकायत पुलिस प्रशासन को सौंप दी गई है। पुलिस की ओर से आवेदन के आधार पर मामले की जांच किए जाने की संभावना है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हर अपडेट के लिए जुड़े रहें हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।
