चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से सदर अस्पताल चाईबासा में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, अस्पताल अधीक्षक, चिकित्सा पदाधिकारी, जीएनएम, वार्ड इंचार्ज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकों, विशेषज्ञ डॉक्टरों, चिकित्सा उपकरणों, आधारभूत सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक और कर्मी समय पर अस्पताल पहुंचकर अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें।
उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल आने वाला हर व्यक्ति बेहतर इलाज और स्वास्थ्य लाभ की उम्मीद लेकर आता है।
बैठक में ब्लड बैंक के संचालन और निबंधन को लेकर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन रक्त कोष को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने की दिशा में काम कर रहा है। साथ ही ब्लड बैंक में अलग काउंटर और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा जांच रिपोर्ट वितरण के लिए अलग काउंटर, अस्पताल परिसर में ड्यूटी रोस्टर और स्वास्थ्य शिविरों की सूचना प्रदर्शित करने, सीसीटीवी निगरानी, बिजली बैकअप, स्वच्छता और हरियाली बढ़ाने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से जिले में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चिकित्सकों को सुरक्षित माहौल देने की भी बात कही गई।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।
