धनबाद : जिले के मधुबन थाना क्षेत्र स्थित सिनीडीह लफड़ा मोड़ इलाके में शुक्रवार सुबह भू-धंसान की आशंका से लोगों में दहशत फैल गई। इलाके के कई मकानों में अचानक दरारें आने और चरमराने जैसी आवाजें सुनाई देने के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
हाल ही में धनबाद के टांडाबारी इलाके में भू-धंसान की घटना में तीन लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोग पहले से ही भय के माहौल में थे। ऐसे में सिनीडीह में जमीन धंसने जैसी स्थिति बनने से लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए। स्थिति गंभीर होती देख लक्ष्मण भुइया, सूरज भुइया, करण भुइया सहित कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर अपने घरों का सामान बाहर निकाल लिया और मकान खाली कर दिए। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार जमीन धंसने का खतरा बना हुआ है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने भाजपा नेता गोरचंद बाउरी और मुखिया प्रतिनिधि बिट्टू चौहान के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उचित मुआवजा तथा सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग उठाई। सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल प्रबंधन, सीआईएसएफ और मधुबन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि इलाके से गुजरने वाली निजी कंपनी की ट्रांसपोर्टिंग सड़क भी भू-धंसान की जद में आ रही है, जिससे आवागमन पर भी खतरा बढ़ गया है।
