भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 5 जून को आएंगे रांची, राज्यसभा चुनाव पर होगा मंथन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 5 जून को आएंगे रांची, राज्यसभा चुनाव पर होगा मंथन

Johar News Times
2 Min Read

रांची : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 5 जून को दो दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचेंगे। उनके इस दौरे को आगामी राज्यसभा चुनाव और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व इस दौरान राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और चुनावी समीकरणों पर विस्तार से चर्चा करेगा।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष 6 जून को पार्टी के मंडल पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संगठन के कार्यों की समीक्षा के साथ बूथ स्तर तक पार्टी को और मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा होगी। इसके अलावा वे भाजपा कोर कमेटी के सदस्यों के साथ भी अलग से बैठक कर संगठन को धारदार बनाए रखने को लेकर मंथन करेंगे।

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव होना है, जिसके लिए 18 जून की तारीख निर्धारित की गई है। विधानसभा के मौजूदा आंकड़ों के अनुसार एक सीट जीतने के लिए पहली वरीयता के आधार पर कम से कम 28 विधायकों का समर्थन जरूरी माना जा रहा है। फिलहाल एनडीए के पास 24 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है।

भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति पहले ही राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने का फैसला ले चुकी है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी आलाकमान संभावित उम्मीदवारों के नामों पर भी मंथन कर रहा है। भाजपा को उम्मीद है कि उसे अतिरिक्त समर्थन मिल सकता है और वह जरूरी आंकड़ा जुटाने में सफल रहेगी। पार्टी नेताओं का मानना है कि केंद्र सरकार की नीतियों से प्रभावित कुछ विधायक मतदान के दौरान समर्थन कर सकते हैं। ऐसे में भाजपा इस चुनाव को लेकर पूरी ताकत के साथ रणनीति तैयार करने में जुटी हुई है।

Share This Article