झारखंड की बेटी ने बढ़ाया मान: हरदाग की नीतू कुमारी महतो बनीं झारखंड की दूसरी अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी अंपायर, जापान में U18 एशिया कप में करेंगी अंपायरिंग

झारखंड की बेटी ने बढ़ाया मान: हरदाग की नीतू कुमारी महतो बनीं झारखंड की दूसरी अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी अंपायर, जापान में U18 एशिया कप में करेंगी अंपायरिंग

Johar News Times
3 Min Read

रांची/झारखंड। झारखंड की खेल प्रतिभा ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। रांची जिले के हरदाग की रहने वाली नीतू कुमारी महतो अब झारखंड की दूसरी महिला अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायर बन गई हैं। नीतू को आगामी U18 एशिया कप 2026 के लिए चयनित किया गया है, जो 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगाहारा में आयोजित किया जा रहा है। इसी प्रतियोगिता में वह अंपायरिंग की जिम्मेदारी निभाएंगी। नीतू आज जापान के लिए रवाना हुईं। उनके चयन की खबर मिलते ही झारखंड के खेल जगत में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।

हॉकी परिवार से जुड़ी है नीतू की सफलता की कहानी

नीतू कुमारी महतो का संबंध एक खेल-समृद्ध परिवार से है। उनकी माता दुलारी टोपनो, जो स्वयं राष्ट्रीय स्तर की हॉकी खिलाड़ी रह चुकी हैं, वर्तमान में कोच के रूप में भी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देती हैं। नीतू की खेल यात्रा में उनकी मां की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है, जिन्होंने बचपन से ही उन्हें हॉकी की बारीकियां सिखाईं।

विशेष बात यह है कि दुलारी टोपनो की एक अन्य शिष्या खिली कुमारी भी इसी U18 एशिया कप में भारतीय टीम की ओर से गोलकीपर के रूप में हिस्सा ले रही हैं, जिससे झारखंड की मौजूदगी इस प्रतियोगिता में और भी मजबूत हो गई है। नीतू के परिवार में भी हॉकी का गहरा जुड़ाव है। उनकी बहनें कंचन कुमारी और रानी कुमारी तथा भाई विजय महतो भी राज्य स्तर पर हॉकी खिलाड़ी हैं।

मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय पहचान तक का सफर

हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने नीतू की उपलब्धि को राज्य के लिए गौरवपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को केवल खेल तक सीमित न रहकर अंपायरिंग और कोचिंग जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ना चाहिए।

हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने कहा कि नीतू ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाकर अन्य खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

गौरतलब है कि इससे पहले आश्रिता लकड़ा झारखंड की पहली महिला अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायर बनी थीं। अब नीतू कुमारी महतो का नाम भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हो गया है। नीतू की इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया पर भी लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है और लोग इसे झारखंड की बेटियों की बढ़ती ताकत का प्रतीक बता रहे हैं।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।

Share This Article