सरायकेला: कपाली के जंगल में मिला लापता चप्पल विक्रेता मोहम्मद मुस्तकीम का जला हुआ शव, हाथ की अंगूठी से हुई पहचान

24 मई से लापता चप्पल विक्रेता मुस्तकीम की कपाली जंगल में निर्मम हत्या, पहचान छुपाने के लिए शव को जलाया, FSL टीम जांच में जुटी।

Johar News Times
3 Min Read

जिला अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मंगलवार को कपाली फॉरेस्ट एरिया से गौसनगर सालबागान (वार्ड नंबर 11) के निवासी और चप्पल विक्रेता मोहम्मद मुस्तकीम का जला हुआ शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मोहम्मद मुस्तकीम बीते 24 मई की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे।

शव इस कदर जल चुका था कि उसकी शिनाख्त करना मुश्किल था, लेकिन मृतक के हाथ में पहनी हुई अंगूठी को देखकर परिजनों ने उसकी पहचान मोहम्मद मुस्तकीम के रूप में की। घटनास्थल पर मुस्तकीम द्वारा बेची जाने वाली चप्पलें भी जली हुई अवस्था में पाई गईं। कपाली ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आखिरी फोन कॉल में पुड़ीसिल्ली में होने की दी थी जानकारी

मृतक के भाई मोहम्मद हाशिम ने बताया कि मुस्तकीम रोज की तरह 24 मई की सुबह चप्पल बेचने के लिए घर से निकले थे। शाम करीब 7 बजे उनके मोबाइल से आखिरी बार परिजनों से बात हुई थी। कॉल पर मुस्तकीम ने बताया था कि वे स्वर्णरेखा नदी पार कर कपाली पुड़ीसिल्ली पहुंच चुके हैं। हालांकि, इस बातचीत के कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया और वे घर वापस नहीं लौटे।

CCTV और मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग, हत्या की आशंका

परिजनों द्वारा कपाली ओपी में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद एएसआई अख्तर अंसारी ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले और मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर डाला। जांच में मुस्तकीम के मोबाइल की आखिरी लोकेशन अंसार नगर डेमडुबी में मिली थी। इसके बाद पुलिस ने खोजबीन तेज की, तो आज सुबह फॉरेस्ट एरिया से उनका जला हुआ शव बरामद हुआ।

परिजनों का कहना है कि मुस्तकीम की किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। जिस तरह से शव और चप्पलों को जलाया गया है, उससे साफ है कि अपराधियों ने हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को आग के हवाले कर दिया।

FSL की टीम बुलाई गई, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए कपाली ओपी प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज कर लिया है। मौके पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएलकी टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस कपाली और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है, ताकि हत्यारों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।

Share This Article