पलामू फोरलेन सड़क पर हुए भीषण सड़क हादसे में मेदिनीनगर नगर निगम वार्ड संख्या-1 की पार्षद मंजू देवी के 23 वर्षीय पुत्र कुश कुमार की मौत हो गई। घटना सदर थाना क्षेत्र के पाटन मोड़ के पास हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार कुश कुमार अपनी अपाचे बाइक से पाटन मोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कुश कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रविवार रात ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। मामले की जांच जारी है। मृतक के पिता इंद्रदेव राम भी पूर्व वार्ड पार्षद रह चुके हैं। हादसे की खबर मिलते ही पूर्व डिप्टी मेयर मंगल सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग एमएमसीएच पहुंचे और शोक जताया। इलाके में घटना के बाद शोक की लहर है।
