हैदरनगर में देर रात भीषण आग, सिलेंडर विस्फोट से मची अफरा-तफरी; कई दुकानें जलकर राख

हैदरनगर में देर रात भीषण आग, सिलेंडर विस्फोट से मची अफरा-तफरी; कई दुकानें जलकर राख

Johar News Times
2 Min Read

पलामू जिले के हैदरनगर रेलवे गुमटी के पास सोमवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रात करीब तीन बजे एक टायर दुकान में लगी आग देखते ही देखते आसपास की कई दुकानों तक फैल गई, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखी हवा भरने वाली टंकी और घरेलू गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। रेलवे लाइन किनारे अवैध रूप से बनी कई दुकानें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान नष्ट हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी में पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन अभी जारी है।

आग के दौरान ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का बिजली तार भी टूटकर जमीन पर गिर गया, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। घटना के कारण जपला-हैदरनगर मुख्य सड़क पर दोनों ओर से भारी वाहनों का परिचालन रोक दिया गया, जिससे लंबा जाम लग गया। प्रशासन के मुताबिक आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि मामले की जांच जारी है।

Share This Article