चंदवा में विधायक प्रकाश राम ने लगाया जनता दरबार, जमीन मामलों की शिकायतें सबसे अधिक

चंदवा में विधायक प्रकाश राम ने लगाया जनता दरबार, जमीन मामलों की शिकायतें सबसे अधिक

Johar News Times
3 Min Read

चंदवा,चंदवा प्रखंड कार्यालय सभागार में बुधवार को विधायक प्रकाश राम द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। शिविर में जमीन, पेयजल, बिजली, राजस्व एवं अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामलों की भरमार रही। खासकर जमीन संबंधी शिकायतें सबसे अधिक सामने आईं, जिससे लोगों की परेशानी साफ तौर पर देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत पिछली जनता दरबार में प्राप्त मामलों की समीक्षा से की गई। इसके बाद विधायक प्रकाश राम ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों को कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जनता दरबार में करीब 140 से अधिक जमीन से जुड़े मामले सामने आए। इनमें जमीन अद्यतन, ऑनलाइन त्रुटि, दस्तावेजों की जांच, रसीद निर्गत करने, कब्जा विवाद एवं सर्वे से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं। विधायक प्रतिनिधि स्वास्थ्य विजय दुबे ने आरएस सर्वे के बाद जमीन अद्यतन प्रक्रिया में लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जमीन अद्यतन के नाम पर जरूरत से ज्यादा दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस पर विधायक ने अधिकारियों को प्रक्रिया को सरल बनाने तथा लंबित मामलों में आवेदकों को बुलाकर तकनीकी त्रुटियों का समाधान करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में पेयजल एवं बिजली से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। विधायक ने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। खबर लिखे जाने तक जनता दरबार जारी था और लगातार लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे थे।
मौके पर प्रखण्ड प्रमुख मनीषा उरांव सीओ सुमित झा, बीडीओ चंदन प्रसाद, इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम में पूर्वी मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष विनय कुमार रिक्की, भाजपा नेता अमित गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद, विधायक प्रतिनिधि सुरेश यादव, आदर्श रविराज,नवाहीर उरांव, राजू उरांव, राजन भगत, श्रवण प्रसाद, शिश्केश्वर यादव, मनोज पाठक, सीआई गोविंद कुमार गुप्ता, एमओ मोनू कुमार पंडित, बीपीओ रतन शाहदेव एवं सांख्यिकी पदाधिकारी चंदन कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article