राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित मनोहरमल एंड कंपनी ज्वेलर्स शोरूम से करीब 2 करोड़ रुपये के सोने की चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान में पिछले 16 साल से काम कर रहा कर्मचारी ही इस वारदात में शामिल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।जानकारी के अनुसार, यह मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। कारोबारी सुरेश भंसाली की इस दुकान में कार्यरत कर्मचारी सूरज साहू पर आरोप है कि उसने 9 अप्रैल 2026 को दुकान बंद होने के बाद गहनों को लॉकर में रखने के बजाय अपने पास रख लिया। शुरुआत में किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई।
चोरी का खुलासा 13 अप्रैल को स्टॉक वेरिफिकेशन के दौरान हुआ, जब करीब 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोने के गहने गायब पाए गए। इन गहनों में अलग-अलग डिजाइन और कैटेगरी के आभूषण शामिल थे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई गई है।
इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में CCTV फुटेज खंगालने पर सामने आया कि आरोपी कर्मचारी सूरज साहू कथित तौर पर 4:21 बजे सोने के गहने ले जाते हुए दिखाई दिया। मामले में कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात और गबन का केस दर्ज किया गया है। कोतवाली इंस्पेक्टर सतीश सिंह के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
