जमशेदपुर और सरायकेला के थानों में दर्ज हैं 9 आपराधिक मामले
सरायकेला-खरसावां : कपाली ओपी थाना क्षेत्र के चर्चित चाकूबाजी कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 18 महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी सबीर अली उर्फ सोनू उर्फ सन्नु बच्चा को कपाली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सबीर अली उर्फ सोनू उर्फ सन्नु बच्चा (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सकीर अली का पुत्र और ताजनगर नियर मूसल दुकान, कपाली का निवासी है।
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि चांडिल (कपाली ओपी) थाना कांड संख्या 262/24, दिनांक 10 दिसंबर 2024 में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। कपाली निवासी नाजिश जिया के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में सबीर अली समेत चार लोगों पर वादी को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया गया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर और सरायकेला जिले के विभिन्न थानों में मारपीट, हमला और अन्य संगीन मामलों से जुड़े कुल नौ मामले पहले से दर्ज हैं।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।
