झारखंड के इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक द्वितीय वर्ष में सीधे प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने अभियंत्रण प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा (पाश्विक प्रवेश) 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस परीक्षा के जरिए राज्य के सरकारी, गैर-सरकारी और पीपीपी मोड के इंजीनियरिंग संस्थानों में बीटेक तृतीय सेमेस्टर (द्वितीय वर्ष) में दाखिला मिलेगा।
पर्षद की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 19 मई 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 12 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 13 और 14 जून को करेक्शन विंडो खोली जाएगी। प्रवेश परीक्षा 28 जून 2026, रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केवल रांची जिला मुख्यालय के विभिन्न केंद्रों पर ली जाएगी। एडमिट कार्ड परीक्षा से चार दिन पहले वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का भारत का नागरिक और झारखंड का स्थानीय या स्थायी निवासी होना जरूरी है। शैक्षणिक योग्यता के तहत किसी भी शाखा में इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंकों (आरक्षित वर्ग के लिए 40 प्रतिशत) के साथ डिप्लोमा पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा गणित विषय के साथ 12वीं पास और न्यूनतम 45 प्रतिशत अंकों (आरक्षित वर्ग के लिए 40 प्रतिशत) के साथ बीएससी डिग्रीधारी तथा बी.वोक पास उम्मीदवार भी पात्र होंगे।
सामान्य, ईडब्ल्यूएस, बीसी-1 और बीसी-2 वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 900 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी और सभी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 450 रुपये निर्धारित किया गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क से पूरी छूट दी गई है। उप परीक्षा नियंत्रक रंजीता हेम्ब्रम की ओर से जारी आदेश के मुताबिक परीक्षा ऑफलाइन ओएमआर आधारित होगी। प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे और प्रश्न पत्र हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com
