रामगढ़ में डीआरडीओ कर्मी का पेड़ से लटका मिला शव, बेंगलुरु से छुट्टी पर आए थे गांव

रामगढ़ में डीआरडीओ कर्मी का पेड़ से लटका मिला शव, बेंगलुरु से छुट्टी पर आए थे गांव

Johar News Times
2 Min Read

रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र स्थित तालाताड़ पंचायत के भुइयां टोला गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डीआरडीओ कर्मी कमल किशोर महतो (35) का शव घर के पास पहाड़ी पर एक पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार कमल किशोर महतो रक्षा विभाग के डीआरडीओ में कार्यरत थे और उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में थी। वह 19 अप्रैल को छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में थे और अक्सर नींद नहीं आने की बात कहा करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार रात करीब 11 बजे उन्हें गांव में टहलते देखा गया था। वहीं रात करीब दो बजे परिजनों की नींद खुली तो वह अपने बिस्तर पर नहीं मिले। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।

मंगलवार सुबह घर के पास पहाड़ी पर एक पेड़ से उनका शव झूलता मिला। मृतक अपने पिता प्रभु महतो का इकलौता पुत्र था। परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र छह वर्ष और दूसरे की चार वर्ष बताई गई है।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com

Share This Article