धनबाद में अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, तेतुलमारी-राजगंज रोड घंटों जाम

धनबाद में अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, तेतुलमारी-राजगंज रोड घंटों जाम

Johar News Times
2 Min Read

धनबाद जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र स्थित दलाहीटांड़ में अवैध कोयला खनन के विरोध में ग्रामीण सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने तेतुलमारी-राजगंज मुख्य सड़क को घंटों जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि इलाके में लगातार अवैध उत्खनन किया जा रहा है और जमीन के नीचे से बड़े पैमाने पर कोयला निकाला जा रहा है। लोगों ने आशंका जताई कि इससे इलाके में कभी भी भू-धंसान की घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने कहा कि यहां भी टांडाबड़ी जैसी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने इस मामले को लेकर बीसीसीएल प्रबंधन और बाघमारा सीओ से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अवैध कोयला खनन स्थानीय पुलिस, बीसीसीएल प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से हो रहा है। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि अवैध खनन में बाहरी लोग शामिल हैं, जिससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। सड़क जाम हटाने के लिए तेतुलमारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करती रही।

घंटों तक सड़क जाम रहने के कारण भारी वाहनों के साथ-साथ छोटी गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। बाद में पुलिस द्वारा अवैध खनन पर कार्रवाई, विस्थापन की समस्या के समाधान और सुरक्षित स्थान पर बसाने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर सड़क जाम हटा लिया।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com

Share This Article