Noamundi Census 2027 : नोवामुंडी में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत, बीडीओ ने जिम्मेदारी से कार्य करने की अपील की

Noamundi Census 2027 : नोवामुंडी में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत, बीडीओ ने जिम्मेदारी से कार्य करने की अपील की

Johar News Times
3 Min Read

नोवामुंडी प्रखंड में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान गिनती कार्य की शुरुआत कर दी गई है। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने जनगणना कार्य से जुड़े कर्मियों और जनप्रतिनिधियों से जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करने की अपील की।

बीडीओ ने बताया कि नोवामुंडी प्रखंड के 232 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक क्षेत्रों में मकानों की गिनती का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 232 प्रगणकों और 38 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल घरों की गिनती भर नहीं है, बल्कि आने वाले 10 वर्षों की सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की आधारशिला है।

उन्होंने जनगणना कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब किसी घर पर नंबर लिखा जाता है, तब उस परिवार की सरकारी पहचान सुनिश्चित होती है। स्कूल, अस्पताल, चापाकल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी के आधार पर सरकार यह तय करती है कि किस क्षेत्र में किस प्रकार के विकास कार्यों की जरूरत है।

बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी घर छूटना नहीं चाहिए और किसी भी प्रकार की गलत जानकारी दर्ज नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी सी त्रुटि के कारण किसी जरूरतमंद परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है। इसलिए सभी कर्मियों को समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से कार्य करना होगा। उन्होंने पर्यवेक्षकों को टीम का प्रमुख बताते हुए कहा कि वे जनगणना कर्मियों का सही मार्गदर्शन करें और कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, मुंडा, मानकी, सचिव और रोजगार सेवकों से भी जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई।

बीडीओ ने कहा कि यह केवल विभागीय कार्य नहीं, बल्कि नोवामुंडी के सम्मान और विकास से जुड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि धूप, बारिश, बंद घर या अन्य कठिन परिस्थितियों के बावजूद सभी कर्मियों को लगातार कार्य करना होगा। जिला स्तर से मिलने वाली सामग्री और किट समय पर उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि आईडी और पासवर्ड से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए सेंसेस सेल के तकनीकी विशेषज्ञ लगातार सहयोग करेंगे। अंत में बीडीओ ने सभी कर्मियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि नोवामुंडी का हाउस लिस्टिंग ब्लॉक कार्य पूरे जिले में सर्वश्रेष्ठ साबित हो।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article