झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ इलाकों में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार 19 मई तक पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में लू चलने की संभावना है। इन इलाकों में तापमान बढ़ने के साथ गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। वहीं 17 और 18 मई को रांची समेत राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, मेघ गर्जन और बारिश होने के आसार हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
19 मई को मौसम और अधिक खराब हो सकता है। रांची, गुमला, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज और पाकुड़ में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना है कि 20 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब बना रह सकता है। इस दौरान तेज हवा, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इधर तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 16 मई को रांची का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 2.1 डिग्री बढ़ा है। वहीं मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
