15 May 2026 | News Bulletin | Johar News Times

Johar News Times
11 Min Read


अमेरिका-ईरान युद्ध और हॉर्मुज स्ट्रेट बंद होने का असर अब भारत पर भी दिखने लगा है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले ढाई महीनों में भारत के कच्चे तेल भंडार में करीब 15 फीसदी की गिरावट आई है। तेल आयात घटने के बावजूद रिफाइनरियां फिलहाल सुरक्षित स्टॉक के सहारे काम कर रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि सप्लाई बाधित रही तो पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है और रिफाइनरियों पर दबाव बढ़ेगा। केप्लर की रिपोर्ट के मुताबिक भारत का तेल आयात 5 मिलियन बैरल प्रतिदिन से घटकर 4.5 मिलियन बैरल प्रतिदिन रह गया है। वहीं, सरकार का दावा है कि देश के पास लगभग 60 दिनों का तेल भंडार मौजूद है। हॉर्मुज स्ट्रेट बंद होने से वैश्विक तेल बाजार में भी संकट गहरा गया है और आने वाले समय में कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव की आशंका जताई जा रही है।


प्रधानमंत्री Narendra Modi शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के आधिकारिक दौरे पर अबू धाबी पहुंचे। यूएई एयरस्पेस में प्रवेश करते ही उनके विमान को यूएई एयरफोर्स के F-16 फाइटर जेट्स ने VIP एस्कॉर्ट दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अबू धाबी पहुंचने पर यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उनका भव्य स्वागत किया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरे में भारत और यूएई के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा होगी। एलपीजी सप्लाई और पेट्रोलियम रिजर्व से जुड़े अहम समझौतों पर भी सहमति बनने की संभावना है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यूएई भारत का प्रमुख खाड़ी साझेदार है। यूएई में 45 लाख से अधिक भारतीय रहते हैं। यूएई दौरे के बाद पीएम मोदी नीदरलैंड और स्वीडन भी जाएंगे।


बिहार में बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को ईंधन बचत अभियान की शुरुआत करते हुए अनोखी पहल की। प्रधानमंत्री Narendra Modi की अपील का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री अपने लोक सेवक आवास से पैदल ही सचिवालय पहुंचे। तेज धूप में उनका यह कदम चर्चा का विषय बना रहा। मुख्यमंत्री ने लोगों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने तथा सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने की अपील की। सरकार ने मुख्यमंत्री काफिले में वाहनों की संख्या घटाने का भी फैसला लिया है। राज्य सरकार ने सरकारी विभागों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठकें करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मेट्रो, बस और ऑटो जैसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल को बढ़ावा देने, ‘नो व्हीकल डे’ मनाने और वर्क फ्रॉम होम संस्कृति अपनाने पर जोर दिया गया है।


केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को घोषणा की कि अगले वर्ष से NEET परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए यह बदलाव किया जा रहा है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि 21 जून को होने वाली NEET UG 2026 री-एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी और छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। परीक्षार्थियों को अपनी पसंद का परीक्षा शहर चुनने की सुविधा भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि री-एग्जाम के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे और छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। सरकार पुरानी फीस लौटाने की प्रक्रिया भी शुरू करेगी। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पेपर लीक मामले की जांच CBI कर रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। सरकार परीक्षा प्रणाली से किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।


राजधानी रांची में वन विभाग और WCCB की संयुक्त टीम ने मेन रोड स्थित होटल नटराज में छापेमारी कर मॉनिटर लिजार्ड के 30 कथित अंग बरामद किए हैं। इस मामले में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वन विभाग को सूचना मिली थी कि होटल में वन्यजीव अंगों की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। इसके बाद गुरुवार को होटल के कमरा नंबर 203 में छापा मारा गया। वहां काले प्लास्टिक बैग से मॉनिटर लिजार्ड के कथित “हत्था जोड़ी” अंग बरामद हुए। जांच में पता चला कि कमरे पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी विष्णु कुमार गुप्ता के नाम से बुक थे। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, “हत्था जोड़ी” के नाम पर इन अंगों की तस्करी अंधविश्वास और तांत्रिक गतिविधियों से जुड़ी होती है। मॉनिटर लिजार्ड संरक्षित वन्यजीव श्रेणी में शामिल है।


झारखंड सरकार ने अवैध निर्माण और स्वीकृत नक्शे से विचलन वाले भवनों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर विकास एवं आवास विभाग के अनुसार भवन मालिक अब BPAMS पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया 15 मई 2026 से शुरू हो गई है। सरकार ने जी+2 और 300 वर्गमीटर तक के भवनों के लिए 60 दिनों के भीतर आवेदन अनिवार्य किया है। तय समयसीमा के बाद आवेदन स्वीकार नहीं होंगे और अवैध निर्माण पर कार्रवाई की जा सकती है। नगर पंचायत, नगर परिषद और नगर निगम क्षेत्रों के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किए गए हैं। आवेदन में भवन मालिक की व्यक्तिगत जानकारी, भूखंड विवरण, निर्माण क्षेत्र और भवन उपयोग से जुड़ी जानकारी देनी होगी। आवेदन के साथ स्वामित्व प्रमाण पत्र, म्यूटेशन, लगान रसीद, बिजली-पानी बिल, भवन फोटो और स्वीकृत नक्शा जमा करना अनिवार्य होगा। आवेदन केवल पंजीकृत एलटीपी के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।


राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में शुक्रवार को जूनियर डॉक्टरों ने तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित डॉक्टरों ने रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार के चैंबर का घेराव किया और “नो पे, नो वर्क” के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों ने निदेशक कक्ष के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए। जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किराया, घरेलू खर्च और अन्य जरूरी भुगतान प्रभावित हो रहे हैं। डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से फंड आवंटित नहीं होने के कारण भुगतान लंबित है। उनका कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं निकला। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि जल्द वेतन भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।


पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल के कोलबोंगा क्षेत्र में IED विस्फोट में घायल हाथी की गुरुवार देर शाम मौत हो गई। पिछले आठ दिनों से वन विभाग और पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। जानकारी के अनुसार 4 मई 2026 को जंगल में हुए विस्फोट में हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। घटना के बाद वन विभाग की टीम और पशु चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन संक्रमण बढ़ने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। पशु चिकित्सक डॉ. संजय घोलतकर ने बताया कि गंभीर चोट के कारण हाथी की हालत लगातार बिगड़ती गई। वन विभाग शुक्रवार को हाथी का पोस्टमार्टम कराएगा। घटना के बाद वन्यजीव प्रेमियों और ग्रामीणों में नाराजगी है। सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED की चपेट में आकर अब तक पांच हाथियों की मौत हो चुकी है, जिससे वन्यजीव सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।


झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक ओर पलामू, गढ़वा और चतरा समेत कई जिलों में भीषण गर्मी और लू जैसे हालात बने हुए हैं, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार पलामू प्रमंडल में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने दोपहर के समय लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। वहीं गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, देवघर, गिरिडीह और धनबाद समेत कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
आप देख रहे थे जोहार न्यूज़ times..झारखंड, देश और दुनिया की ऐसी ही सभी बड़ी खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और हमारे चैनल को लाइक और सब्सक्राइब करना न भूलें।


जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें।
लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें। joharnewstimes.com

Share This Article