गिरिडीह जिले के आदिवासी एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTGs) के परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए 18 मई से 25 मई 2026 तक विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अभियान को लेकर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
यह अभियान जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तथा झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पीवीटीजी समुदायों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और पात्र लाभुकों को योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करना है।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत जिले के चिन्हित पीवीटीजी गांवों में “Beneficiary Saturation Camps” लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्वास्थ्य जांच, विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने, आधारभूत सुविधाओं की जानकारी देने, शिकायतों के त्वरित निष्पादन तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 18 मई को “जन भागीदारी सप्ताह” के शुभारंभ के साथ अभियान की शुरुआत होगी। इस दौरान जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। वहीं 19 मई से 25 मई तक गांवों में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच एवं संतृप्तिकरण शिविर लगाए जाएंगे।
20 मई को “Village Immersion Drive – A Village Contact Activity” के तहत अधिकारी, कर्मयोगी और सामाजिक संगठन गांवों में भ्रमण कर लोगों से सीधे संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं और जरूरतों का आकलन करेंगे। इसके अलावा 21 मई से 23 मई तक जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर शिकायतों के त्वरित समाधान और लंबित मामलों के निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
24 मई को अभियान से संबंधित दस्तावेजीकरण एवं प्रगति प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा, जबकि 25 मई को समाहरणालय में समीक्षा एवं डी-ब्रीफिंग बैठक आयोजित होगी। बैठक में अभियान की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ संचालित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं से वंचित न रह जाए। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने पर बल दिया।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहें।
ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल को Like, Follow और Subscribe करें।
साथ ही विजिट करें — joharnewstimes.com
