जमशेदपुर स्थित जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में संविदा कर्मियों को वर्ष 2025 के चार माह का वेतन नहीं मिलने पर मंगलवार को जमकर प्रदर्शन हुआ। नाराज कर्मियों ने विश्वविद्यालय परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय की कुलपति इला कुमार मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रजिस्ट्रार को फटकार लगाते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में इस तरह का माहौल शैक्षणिक व्यवस्था को प्रभावित करता है। उन्होंने पूछा कि आखिर संविदा कर्मियों को चार महीने से वेतन क्यों नहीं मिला और तत्काल पूरे मामले की वस्तुस्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया। संविदा कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से बकाया वेतन के भुगतान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। लगातार उपेक्षा के बाद वे प्रदर्शन करने को मजबूर हुए।
पत्रकारों से बातचीत में कुलपति इला कुमार ने कहा कि यह मामला उनके कार्यभार संभालने से पहले का है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। साथ ही कहा कि यदि जांच में तत्कालीन कुलसचिव या वित्त अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
