झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पुलिस ने दाहीगोड़ा निवासी बबलू सिंह को मुख्य शहर स्थित एक जिम से फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार किया। पुलिस उसे सीधे घाटशिला थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। उसकी निशानदेही पर दिनभर कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी भी की गई।
सूत्रों के अनुसार, बबलू सिंह के खिलाफ फरवरी महीने में किसी पुराने अवैध शराब कारोबार से जुड़े मामले में वारंट जारी हुआ था। माना जा रहा है कि उसी मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक तौर पर मामले का खुलासा नहीं किया है और कहा है कि बुधवार को पूरी जानकारी दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि बबलू सिंह लंबे समय से अवैध शराब कारोबार से जुड़ा रहा है। इससे पहले मुसाबनी थाना क्षेत्र के तेरेंगा इलाके में भी उसका नाम सामने आ चुका है। पिछले कई महीनों से वह घाटशिला शहर में कैनरा बैंक के ऊपर स्थित एक जिम में नियमित रूप से कसरत करने आता था।मंगलवार सुबह थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में पुलिस टीम सादे लिबास में जिम पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी थार गाड़ी भी जब्त कर थाना परिसर में खड़ी कर दी है।
थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार मुंडा ने कहा कि एक संदिग्ध मामले में पूछताछ चल रही है। वहीं एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर ने बताया कि आरोपी को साथ लेकर अवैध शराब संचालन से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
