जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आमबगान स्थित ओम प्लाजा के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि मानगो निवासी पूनम ओझा बाजार से खरीदारी कर पैदल ऑटो स्टैंड की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उन्हें ओवरटेक कर आगे निकल गए। कुछ दूरी पर जाकर दोनों बदमाश वापस लौटे और मौका मिलते ही महिला के गले से सोने की चेन झपटकर जेल चौक की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
महिला के बेटे आकाश ओझा ने बताया कि छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
