जमशेदपुर: ‘पतंजलि’ के नाम पर होटल में देह व्यापार का आरोप, ग्रामीणों ने अस्त्र-शस्त्र के साथ बोला धावा, युवक-युवतियों को बनाया बंधक

योग की आड़ में 'अनैतिक' खेल? अस्त्र-शस्त्र लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, रिसॉर्ट में पकड़े गए संदिग्ध जोड़े।

Johar News Times
3 Min Read

शहर के चर्चित डिमना क्षेत्र स्थित ‘लेक व्यू होटल एंड रिसॉर्ट’ एक बार फिर विवादों के घेरे में है। रविवार को स्थानीय ग्रामीणों ने रिसॉर्ट में चल रहे कथित अनैतिक कार्यों के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि यहाँ योग केंद्र की आड़ में देह व्यापार का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है।

अस्त्र-शस्त्र के साथ पहुंचे ग्रामीण, रिसॉर्ट में मचा हड़कंप

दर्जनों की संख्या में ग्रामीण पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र के साथ रिसॉर्ट परिसर में दाखिल हुए। ग्रामीणों ने वहां दबिश देकर संदिग्ध अवस्था में तीन युवक और तीन युवतियों को अपने कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों के पहुंचते ही पूरे रिसॉर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का कहना है कि शहर के ओयो होटलों की तर्ज पर इस ग्रामीण इलाके के रिसॉर्ट में गलत काम किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।

- Advertisement -
Ad image

पतंजलि केंद्र की आड़ में खेल?

हैरानी की बात यह है कि इस रिसॉर्ट में फिलहाल ‘पतंजलि योग केंद्र’ संचालित हो रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि योग और स्वास्थ्य के नाम पर यहाँ अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने इस केंद्र को तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की है।

“बिना पहचान पत्र प्रवेश नहीं”

वहीं, पतंजलि योग केंद्र के संचालक शंभू ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यहाँ योग सिखाया जाता है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। उन्होंने तर्क दिया कि बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाता है। हालांकि, ग्रामीणों का सवाल है कि यदि पहचान पत्र लेकर बंद कमरों में गलत कार्य हो रहे हैं, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?

पुलिस को दी गई सूचना

घटना के बाद ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक-युवतियों को बंधक बनाकर रखा और मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। गौरतलब है कि यह रिसॉर्ट पहले भी देह व्यापार और अनैतिक गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में रह चुका है। पुलिस के आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

- Advertisement -
Ad image
Share This Article