पाकुड़ विधायक निसात आलम के प्रयासों के बाद बरहरवा प्रखंड में गहराते पेयजल संकट के समाधान की उम्मीद जगी है। विधायक की लगातार सक्रियता और विभागीय मंत्री को लिखे कड़े पत्र के बाद, रविवार को विभाग की एक विशेष टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
विधानसभा से मंत्री के दरबार तक पहुंची आवाज
विधायक निसात आलम ने बरहरवा में पानी की किल्लत को जनहित का गंभीर मुद्दा बताते हुए पहले विधानसभा में आवाज उठाई थी। विभागीय जवाब से असंतुष्ट होकर उन्होंने विभागीय मंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया कि प्रखंड की कई पंचायतों में पाइपलाइन और जलमीनार की स्थिति दयनीय है। विधायक ने स्पष्ट किया कि गर्मी के कारण महिलाएं और बच्चे दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं, जो प्रशासन की विफलता को दर्शाता है।
ग्राउंड जीरो पर पहुंची जांच टीम
विधायक के दबाव के बाद मंत्री के निर्देश पर अधिकारियों की टीम बरहरवा पहुंची। निरीक्षण दल में मुख्य रूप से:
- अरुण कुमार झा, सुनील कुमार यादव, शशि सिंह, उमेश मंडल एवं विजय मिंज।
- अमित कुमार सिंह और अभिषेक मिश्रा।
टीम ने विभिन्न गांवों का दौरा कर खराब पड़े चापाकल, बंद जलमीनार और पाइपलाइन के लीकेज का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी शिकायतों को दर्ज किया और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
प्राथमिकता के आधार पर होगा कार्य
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या विकराल है, वहां युद्ध स्तर पर मरम्मत और जलापूर्ति सुचारु करने का कार्य शुरू किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान बरहरवा प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, मो. काजल, सफीकुल, डॉ. महबूब सहित कांग्रेस पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com










